ओरछा / 10 फरवरी से रामराजा सरकार सुबह 1 घंटे पहले 8 बजे सोकर उठेंगे, संध्या आरती भी देरी से होगी, राजभोग और ब्यारी का समय बदलेगा

विश्व प्रसिद्ध ओरछा के श्रीरामराजा मंदिर के दरबार खुलने के समय में फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की पड़वा ( 10 फरवरी) से परिवर्तन किया जाएगा। मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज ने बताया कि मंदिर की प्राचीन परंपरा अनुसार, 10 फरवरी से श्रीरामराजा सरकार का दरबार सुबह 8 से 12.30 बजे तक और शाम 8 बजे से रात 10.30 बजे तक खुलेगा।



हर साल गर्मी और बारिश के 8 माह फाल्गुन से अश्विन (क्वांर) महीने की शरद पूर्णिमा तक रामराजा के दरबार खुलने का समय सुबह 8 बजे बाल भोग आरती, दोपहर 12.30 बजे राज भोग आरती के बाद मंदिर बन्द होता है, जबकि शाम 8 बजे संध्या आरती और रात 10.30 बजे शयन आरती होती है। 


सर्दी के मौसम में शरद पूर्णिमा के दूसरे दिन पड़वा से दरबार के खुलने का समय बदल कर सुबह 9 बजे बाल भोग आरती के साथ दरबार खुलता है और दोपहर 1 बजे राज भोग आरती के बाद बंद होता है। संध्या आरती शाम 7 बजे और 9.30 बजे ब्यारी के बाद भगवान शयन करते हैं।